हिंदी
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेक्रेटरी महेंद्र सिंह
Chandauli: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में तीन दिवसीय बैसाखी समारोह पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गया है। जी.टी. रोड स्थित गुरुद्वारा परिसर में हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। यह आयोजन पिछले 77 वर्षों से लगातार किया जा रहा है और इसकी खास पहचान यहां लगने वाला विशाल लंगर है, जिसमें हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं।
लेकिन इस बार इस परंपरा के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने लंगर के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमेटी के सेक्रेटरी सरदार महेंद्र सिंह ने कहा कि इतने बड़े आयोजन के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सरदार रणजीत सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले लंगर के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अंतिम समय में मना कर दिया गया।
बदायूं में दर्दनाक हादसा: गंगा में नहाने गए 3 बच्चे डूबे, एक का शव मिला और… पढ़ें पूरी खबर
उन्होंने इसे धोखा बताते हुए कहा कि इस वजह से कमेटी को मजबूरी में बाजार से ऊंचे दामों पर सिलेंडर खरीदने पड़े। उनका कहना है कि एक ओर बाजार में सिलेंडर महंगे दामों पर खुलेआम बिक रहे हैं, वहीं प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
कमेटी ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सके और भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। इस मुद्दे ने स्थानीय स्तर पर प्रशासन की कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
विवाद के बीच बैसाखी समारोह अपने धार्मिक स्वरूप में जारी है। देश के विभिन्न राज्यों से आए रागी जत्थे, विद्वान वक्ता और प्रचारक भजन, कीर्तन और प्रवचनों के जरिए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दे रहे हैं। नगर कीर्तन नाचघर इंडस्ट्री क्षेत्र से निकलकर गुरुद्वारा परिसर में समाप्त होगा, जिसके बाद दो दिनों तक लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Gorakhpur Crime: ट्रैक्टर खड़ा रहा… ट्रॉली और ईंटें लेकर चोर फरार, जानें क्या है पूरा मामला
अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि यह आयोजन समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान का संदेश देते हुए लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की समारोह में करीब 5,000 से 6,000 श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संचालित किया जा रहा है।
हालांकि, लंगर के लिए सिलेंडर को लेकर उठे विवाद ने इस धार्मिक आयोजन के बीच प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Location : Chandauli
Published : 13 April 2026, 2:47 AM IST
Topics : Chandauli News Chandauli Police Gas Cylinder Issue gas cylinder shortage Gurudwara Langar Issue