बाढ़ से फसल बर्बाद होने पर किसानों का फूटा गुस्सा, मुआवजे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण

चंदौली में बाढ़ का पानी किसानों की मेहनत पर भारी पड़ रहा है। खेतों में पानी भरने से लगातार फसल बर्बाद होने के बाद माटीगांव उर्फ परसनमोहनपुर के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन से खराब हुई फसलों का मुआवजा, पशुओं के चारे की व्यवस्था और KCC ऋण में राहत देने की मांग उठाई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 September 2026, 1:06 AM IST

Chandauli: बाढ़ के पानी से लगातार फसल बर्बाद होने से परेशान सकलडीहा तहसील क्षेत्र के माटीगांव उर्फ परसनमोहनपुर के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने डीएम की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर नष्ट हुई फसलों का मुआवजा, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था और किसानों के KCC ऋण में आंशिक छूट देने की मांग की।

बांध का पानी छोड़े जाने से खेतों में भर रहा पानी

ग्रामीणों का आरोप है कि बाणसागर और लतीफ शाह बांध से पानी छोड़े जाने के कारण पिछले दो वर्षों से उनकी फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश अधिक होने के बाद गांव के खेतों में पानी भर जाता है, जिससे पूरी फसल चौपट हो जाती है।

ग्रामीण अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि हर साल बारिश के समय यही समस्या सामने आती है। उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बांध का पानी खेतों में पहुंच जाता है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में भी किसानों को इसी तरह नुकसान झेलना पड़ेगा।

फरेंदा की बेटी ने बढ़ाया परिवार का मान, चंदौली मेडिकल कॉलेज में चयन

मुआवजे के साथ स्थायी समाधान की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ से खराब हुई फसलों का जल्द सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था और किसानों को KCC ऋण में कम से कम आंशिक राहत दी जाए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछली बार भी फसल नुकसान का सही तरीके से सर्वे नहीं किया गया था और कुछ लोगों को ही मुआवजा मिल पाया था। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल नवनीत मिश्रा पर सरकारी कामों के लिए पैसे मांगने और ग्रामीणों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए अलग से प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।

दिल्ली हादसे में चंदौली के अभिषेक की मौत, आखिरी फैसले ने जीत लिया सबका दिल

जांच टीम गठित करने का एडीएम ने दिया आश्वासन

अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने ग्रामीणों की दोनों शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित कर गांव में जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान और लेखपाल से जुड़ी शिकायतों की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल निकासी और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो हर साल किसानों की मेहनत पानी में बहती रहेगी।

Location :  Chandauli

Published :  10 September 2026, 1:04 AM IST