चंदौली में कोडिन कफ सिरप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी स्वप्निल केसरी की करीब 3.5 करोड़ रुपये की छह अचल संपत्तियां कुर्क कर दीं। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत हुई इस कार्रवाई से मादक द्रव्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

कोडिन कफ सिरप कांड में बड़ी कार्रवाई
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में कोडिन कफ सिरप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर दी है। मादक द्रव्य के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने करीब 3.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां फ्रीज की हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत की गई है। आरोपी द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से अर्जित की गई छह अचल संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क किया गया। कुर्क की गई संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति किसी भी सूरत में बख्शी नहीं जाएगी।
यह कार्रवाई मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी इलाके में रहने वाले आरोपी स्वप्निल केसरी के खिलाफ की गई। पुलिस ने ग्राम बेछूपुर, चंधासी और हरिशंकरपुर स्थित उसकी संपत्तियों को कुर्क किया। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
3.5 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क
ANTF और चंदौली पुलिस की बड़ी कामयाबी, भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार स्वप्निल केसरी पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार में उसका नाम सामने आने के बाद जांच तेज की गई थी। जांच के दौरान अवैध संपत्तियों का विवरण जुटाया गया, जिसके आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पीडीडीयू नगर के क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह और मुग़लसराय कोतवाल संतोष सिंह ने किया। मुगलसराय पुलिस, क्राइम ब्रांच और प्रशासनिक टीम की संयुक्त कार्रवाई के तहत संपत्तियों को विधिवत कुर्क किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी मादक द्रव्य के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से मादक द्रव्य कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया जाएगा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।