हिंदी
मथुरा के परिक्रमा मार्ग पर मचा हड़कंप
Mathura: मथुरा में श्रद्धालुओं की सेवा के नाम पर ऐसा खूनी संग्राम छिड़ा कि पूरा परिक्रमा मार्ग गोलियों की आवाज से दहल उठा। महोली गांव में भंडारा और सेवा शिविर लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ईंट-पत्थरों के साथ खुलेआम अवैध हथियारों से फायरिंग होने लगी। करीब आधे घंटे तक चली गोलियों की तड़तड़ाहट से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई और गांव में दहशत फैल गई। इस सनसनीखेज संघर्ष में कई लोग गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला मथुरा के महोली गांव का है, जहां पार्षद राजवीर उर्फ गुड्डी और चंद्रपाल पक्ष के बीच करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया था। हालांकि पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई और बुधवार को एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। पुलिस ने किसी तरह बीच-बचाव कर हालात संभाल लिए, लेकिन तनाव बना रहा।
मथुरा में रेलवे ट्रैक किनारे मिला 14 वर्षीय लड़के का शव, चेहरे और गले पर चोट के निशान
बृहस्पतिवार को अधिकमास के चलते परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए चंद्रपाल पक्ष ने प्याऊ और सेवा शिविर लगाया था। इसी दौरान पार्षद पक्ष के लोग भी फल और अन्य सामग्री वितरण करने पहुंच गए। करीब 11 बजे किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में फिर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने अवैध हथियार निकाल लिए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि परिक्रमा मार्ग पर खड़े होकर दोनों ओर से लगातार गोलियां चलाई गईं। करीब 25 से 30 मिनट तक पूरे इलाके में गोलियों की आवाज गूंजती रही। श्रद्धालु और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा… मथुरा-वृंदावन से लौट रहे परिवार की कार पलटी, कई घायल
इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। चंद्रपाल पक्ष के रवि के पैर में और संजू के सीने में गोली लगी, जबकि राजू और मलखान सिंह घायल बताए गए हैं। वहीं पार्षद पक्ष के हरिओम के सिर में और सावित्री के हाथ में गोली लगी है। इसके अलावा रिंकू और केदार भी मारपीट में घायल हुए हैं।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में लोग खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं कि आखिर इतनी बड़ी घटना के दौरान अवैध हथियारों का खुलेआम इस्तेमाल कैसे हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एसएसपी श्लोक कुमार खुद घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने गांव में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों पक्षों के घरों से छह से अधिक अवैध हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से फायरिंग करने वालों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
Location : Mathura
Published : 29 May 2026, 2:53 PM IST
Topics : crime news Firing Case Mathura News UP News UP Police