हिंदी
गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा
Raebareli: रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर वाराणसी लौट रहा एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई, जिससे कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना जगतपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुई। बताया जा रहा है कि परिवार मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद वाराणसी वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक संतुलन खो बैठी और एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे में प्रियंका मिश्रा, मीरा मिश्रा, मनोज मिश्रा, अक्षिता मिश्रा समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को पहले सीएचसी जगतपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं एक घायल को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
भीषण गर्मी में बिजली संकट से उबल पड़ा रायबरेली, 7 दिन में सुधार नहीं तो बड़ा आंदोलन
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
वहीं रायबरेली जिले में ही एक अन्य सड़क हादसे में प्रतापगढ़ निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा समरी रानापुर के पास हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
प्रतापगढ़ जिले के कुंडा तहसील अंतर्गत जनवामऊ डीह निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र कुमार अपनी भांजी के घर भनवा मऊ (जगतपुर) तेरही कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम से लौटते समय उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सुरेंद्र कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
रायबरेली में रात-दिन बिजली कटौती से जनता बेहाल, सपा ने खोला मोर्चा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचाहार पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चिंता का माहौल बन गया।
Location : Raebareli
Published : 27 May 2026, 2:21 PM IST