Budaun News: सर्वोदय बालिका विद्यालय में 7 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका; दो की हालत गंभीर

बदायूं जिले के समरेर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को भोजन करने के बाद सात छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) समरेर ले जाया गया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 16 August 2026, 10:25 AM IST
google-preferred

Budaun: विद्यालय में दोपहर का भोजन करने के कुछ समय बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की। देखते ही देखते सात छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से सभी छात्राओं को सीएचसी समरेर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

पांच छात्राओं को छुट्टी, दो जिला अस्पताल रेफर

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद पांच छात्राओं की हालत सामान्य होने पर उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। वहीं कक्षा 12 की छात्रा प्रिया और कक्षा 8 की छात्रा राधिका की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर किया गया। दोनों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Budaun News: पूर्व मंत्री DP Yadav ने DM से मांगी सुरक्षा, बोले दो सरकारी गनर दो

फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी

सीएचसी के चिकित्सकों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गर्मी और शरीर में पानी की कमी से जुड़ा हो सकता है। हालांकि भोजन में गड़बड़ी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए भोजन और पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। खाने के नमूने भी परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।

प्रधानाचार्या के बयान पर उठे सवाल

घटना को लेकर स्कूल की प्रधानाचार्या ने कहा कि केवल तीन छात्राओं की तबीयत गर्मी के कारण खराब हुई थी। लेकिन सीएचसी के रिकॉर्ड में सात छात्राओं के भर्ती होने की पुष्टि हुई है। इस विरोधाभास के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही कई अभिभावक विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है और बच्चों को समय पर खाना भी नहीं दिया जाता। अभिभावकों का कहना है कि अक्सर छात्राओं की तबीयत खराब होती रहती है, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जाता।

यह भी पढ़ें: Budaun: मौत के बाद मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्यों प्रताड़ित की जा रही थी विवाहिता?

प्रशासन ने शुरू कराई जांच

मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम ने तत्काल संज्ञान लिया और नायब तहसीलदार को विद्यालय भेजकर जांच कराई। जांच टीम ने भोजन, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं जिला प्रशासन ने मेडिकल टीम को विद्यालय भेजकर अन्य छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी शुरू करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  16 August 2026, 10:25 AM IST

Advertisement