बिल के पैसों पर बबाल; जानिए कैसे बदायूं के होटल में देखते ही देखते चलने लगे लात-घूंसे

बदायूं के लावेला चौक स्थित एक होटल में सोमवार देर रात बिल के लेनदेन को लेकर होटल संचालक और ग्राहकों के बीच भीषण मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कुर्सियां, बर्तन और पत्थर चलने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 28 July 2026, 3:41 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात लावेला चौक पर स्थित एक होटल में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। होटल संचालक और कुछ ग्राहकों के बीच हुई इस झड़प में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां, बर्तन और पत्थर बरसाए। घटना के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

11:30 बजे शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे होटल में खाना खाने आए कुछ ग्राहकों और संचालक के बीच बिल को लेकर बहस शुरू हुई। बात बढ़ते ही कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।

ये भी पढ़ें - Budaun: ऑपरेशन के खर्च पर ऐसा क्या हुआ कि रामा हॉस्पिटल में मच गया हंगामा?

होटल के अंदर मारपीट शुरू होते ही प्लेटें, गिलास और अन्य बर्तन फेंके जाने लगे। विवाद सड़क तक पहुंचा तो वहां भी पत्थरबाजी हुई। इस दौरान होटल में मौजूद अन्य ग्राहक घबरा कर खाना छोड़कर बाहर भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर जमा हो गए।

भीड़ जुटी, ट्रैफिक हुआ प्रभावित

हंगामे की सूचना मिलते ही लावेला चौक पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। चूंकि यह इलाका सदर कोतवाली और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की सीमा पर पड़ता है, इसलिए दोनों थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग-अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

ये भी पढ़ें - Budaun: सड़क पार कर रहे मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, परिवार में छाया मातम?

हंगामे के चलते करीब 15-20 मिनट तक लावेला चौक पर वाहनों का आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।

वायरल वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे जांच में शामिल कर लिया है। सीओ सिटी ने बताया कि वीडियो की मदद से मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। 

सीओ ने कहा "प्रारंभिक जांच में मामला रुपये के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। वायरल वीडियो और होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसमें जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ शांति भंग और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।" 

Location :  Budaun

Published :  28 July 2026, 3:41 PM IST

Related News

Advertisement