ATM पर चालाकी पड़ी भारी! बदायूं में कार्ड स्वाइप कर भाग रहे जालसाज को भीड़ ने दौड़ाकर पीटा

बिसौली नगर में एक एटीएम पर मदद के बहाने कार्ड बदलकर ठगी करने वाले शातिर ठग को जनता ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पीड़ित के शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार साथियों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 June 2026, 1:51 PM IST
google-preferred

Budaun : बदायूं के बिसौली में एटीएम से रुपये निकालने आए ग्राहकों को निशाना बनाने वाले शातिर ठगों के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिसौली नगर के एक एटीएम पर कार्ड बदलकर ठगी करने आए युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

बातों में उलझाकर कर दी ठगी

एक व्यक्ति एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा था। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर उसके पास पहुंचा और मदद करने के बहाने बातों में उलझा लिया। पीड़ित कुछ समझ पाता इससे पहले ही आरोपी ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और चुपके से असली कार्ड अपने पास रख लिया। कार्ड बदलने के बाद आरोपी वहां से निकलने लगा।

धुनाई कर पुलिस को सौंपा

कार्ड बदलते ही पीड़ित को कुछ गड़बड़ का अहसास हुआ। उसने तुरंत शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। "ठग-ठग" की आवाज सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर भी मौके पर जुट गए। भीड़ ने आरोपी को घेरकर जमकर पिटाई कर दी। लोगों का गुस्सा इस कदर था कि पुलिस के पहुंचने तक आरोपी लहूलुहान हो चुका था।

Budaun Daroga Suicide: बदायूं कोर्ट की सुरक्षा में तैनात दरोगा ने क्यों लगाया मौत को गले? परिजनों के एक फोन से खुला खौफनाक राज!

जांच में जुटी पुलिस

सूचना पर बिसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसके कुछ साथी भी उसके साथ थे, जो भीड़ जुटते ही मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश में जुट गई है और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपी से बरामद कार्डों की जांच भी की जा रही है ताकि पता चल सके कि उसने कितने लोगों को ठगा है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

घटना के बाद बिसौली क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस से एटीएम पर लगातार गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एटीएम पर "मद" के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी भी अंजान व्यक्ति से मदद न लें। पिन डालते समय कीपैड को हाथ या मोबाइल से ढकें और किसी को भी अपना कार्ड न दें। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Location :  Budaun

Published :  7 June 2026, 1:51 PM IST

Advertisement