बदायूं में भीषण एक्सीडेंट, बहन की डोली उठने से पहले उठी भाई की अर्थी; शादी की खुशियां मातम में बदलीं

हजरतपुर थाना क्षेत्र के असफपुर गांव के पास मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक संजीव की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव अपनी छोटी बहन की 18 जून को होने वाली शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 June 2026, 1:08 PM IST
google-preferred

Budaun : बदायूं जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। बहन की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे 25 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल बन गया।

18 जून को होनी थी बहन की शादी

मामला हजरतपुर थाना क्षेत्र का है। जरतौली गांव निवासी कृष्णपाल के बेटे संजीव (25)अपनी छोटी बहन श्रीदेवी की 18 जून को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने गए थे। काम निपटाकर वह मंगलवार शाम अपनी बाइक से घर वापस आ रहा था। 

चालक मौके से फरार

हजरतपुर-सैजनी मार्ग पर असफपुर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद संजीव सड़क पर गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।

Budaun Daroga Suicide: बदायूं कोर्ट की सुरक्षा में तैनात दरोगा ने क्यों लगाया मौत को गले? परिजनों के एक फोन से खुला खौफनाक राज!

CCTV खंगाल रही पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों को सूचना दी गई तो घर में कोहराम मच गया। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार पल भर में मातम में डूब गया। सूचना पर पहुंची हजरतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

थाना प्रभारी का बयान- जल्द होगी गिरफ्तारी

थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में 18 जून को होनी वाली शादी अब मातम में बदल गई है। एक तरफ घर में शादी के गीत गूंजने थे, दूसरी तरफ अब कफन की तैयारी हो रही है।

Location :  Badaun

Published :  6 June 2026, 1:08 PM IST

Advertisement