
शादी की तैयारियों के बीच आई मौत
Mathura: मथुरा में तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बनकर आई, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बेटी की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं का माहौल है। 18 वर्षीय युवती की दीवार गिरने से हुई दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिवार के लोग अभी तक इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं, क्योंकि जिस बेटी की शादी अगले महीने होने वाली थी, उसकी अर्थी घर से निकल गई।
यह दर्दनाक हादसा मथुरा जिले के थाना मगोर्रा क्षेत्र के बछगांव गांव में शुक्रवार रात हुआ। जानकारी के अनुसार अमर सिंह की 18 वर्षीय बेटी गुंजन रात करीब 9 बजे नोहरे में पशुओं को दलिया खिलाकर वापस घर लौट रही थी। उसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के बीच एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और गुंजन उसके मलबे के नीचे दब गई।
दीवार गिरने की आवाज सुनते ही परिवार और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवती को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मलबे के नीचे दबने से गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
श्रद्धालुओं के बीच गोलियां और ईंट-पत्थर… मथुरा के परिक्रमा मार्ग पर मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हादसा आंधी और बारिश के कारण दीवार गिरने से हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि गुंजन की शादी अगले महीने तय थी। परिवार के मुताबिक उसका रिश्ता किरावली क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी लवकुश के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी थीं और 28 जून को विवाह होना तय था। घर में शादी के लिए खरीदारी और अन्य तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिजन बेटी की शादी को लेकर बेहद खुश थे और घर में उत्सव जैसा माहौल था।
मथुरा में रेलवे ट्रैक किनारे मिला 14 वर्षीय लड़के का शव, चेहरे और गले पर चोट के निशान
जिस घर में कुछ दिनों बाद मेहमानों का आना-जाना शुरू होना था, वहां अब शोक संतप्त लोगों की भीड़ लगी हुई है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुंजन के भाई सुखवीर ने बहन के अंतिम संस्कार की रस्म निभाई। भाई ने बताया कि परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था और किसी ने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दुखद हादसा हो जाएगा।
Location : Mathura
Published : 30 May 2026, 4:32 PM IST