हिंदी
मेरठ के लावड़ कस्बे में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक बॉडी बिल्डर ने गुस्से में खुद की जांघ पर चाकू से वार कर लिया। नस कटने से अत्यधिक खून बह गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: इंटरनेट)
Meerut: मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो सुनकर रोंगटे खड़े कर दे। गुस्से का एक पल कैसे जिंदगी छीन सकता है, इसका खौफनाक सच लावड़ कस्बे में देखने को मिला। यहां एक युवक, जिसे अपने मजबूत और सुडौल शरीर पर घमंड था, उसी शरीर ने उसे बचा नहीं पाया। फोन पर हुए मामूली विवाद ने ऐसा खतरनाक रूप लिया कि उसने खुद पर ही चाकू से वार कर लिया और कुछ ही देर में खून बहने से उसकी जिंदगी खत्म हो गई।
मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ कस्बे में यह हैरान करने वाली घटना हुई। जामा मस्जिद के पास रहने वाले 28 वर्षीय सलमान ने गुस्से में अपनी ही जांघ पर चाकू से कई वार कर लिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक हालत काफी बिगड़ चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह सलमान का अपने बड़े भाई इमरान से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला बढ़ता चला गया। गुस्से में आकर सलमान ने अपना आपा खो दिया और पास रखा चाकू उठाकर अपनी जांघ पर वार कर दिया। यह फैसला उसके लिए जानलेवा साबित हुआ।
डॉक्टरों के मुताबिक, जांघ में मौजूद मुख्य नस कट गई थी, जो दिल तक खून पहुंचाने का काम करती है। नस कटते ही तेजी से खून बहने लगा और हालत गंभीर हो गई। सलमान को मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। चिकित्सकों का कहना है कि अगर शरीर पर थोड़ी चर्बी होती, तो वार की गहराई कम हो सकती थी और जान बचने की संभावना रहती।
सलमान इलाके का जाना-माना बॉडी बिल्डर था। वह फिटनेस को लेकर बेहद गंभीर रहता था और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक भी जीत चुका था। इसके साथ ही वह लावड़ कस्बे में पोल्ट्री फार्म का संचालन करता था और मेहनती युवक के रूप में पहचाना जाता था।
सलमान अपने छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। परिवार पहले ही एक बेटे को खो चुका था और अब इस घटना ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। पीछे एक साल की बेटी और महज 25 दिन का मासूम बेटा है। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और मां बेसुध हो गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।