हिंदी
मौके पर जांच करते अफसर
बहसूमा थाना क्षेत्र में बुधवार को सरेबाजार हुई सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गाबा की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी प्रदीप धीमान भागते हुए मोबाइल से वीडियो बनाता रहा और खुलेआम धमकी देता रहा। चार मिनट के इस वीडियो में उसने कहा कि उसे मौत का डर नहीं है और जो भी घर से भागेगी उसका यही अंजाम होगा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामला मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र का है।
आरोपी ने वीडियो में दावा किया कि उसने तीन गोलियां मारी हैं और हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी दिखाया। उसने कहा कि वह खुद इस हत्या का जिम्मेदार है और उसके घर-परिवार या दोस्तों का इससे कोई लेना-देना नहीं है। इतना ही नहीं, उसने पुलिस थानों और अधिकारियों को भी खुलेआम धमकी दी। आरोपी ने वीडियो में कहा कि प्रशासन ने अगर भागने वाली महिलाओं के खिलाफ कदम नहीं उठाए तो ऐसे ही अंजाम होंगे। उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी “मौत का खौफ 302” बताते हुए वीडियो वायरल करने को कहा।
हत्या के बाद फरार, पत्नी को सुरक्षा में लिया
घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। वीडियो में उसने कहा कि हथियार नहर में फेंक देगा। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए सुनील के घर रह रही आरोपी की पूर्व पत्नी को सुरक्षा में ले लिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुराना विवाद बना हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले आरोपी की पत्नी पूनम अपने पति और दो बेटियों को छोड़कर सुनील के साथ चली गई थी। थाने में पूछताछ के दौरान उसने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया था और सुनील के साथ रहने की जिद की थी। इसके बाद से ही आरोपी रंजिश पाले हुए था।
सुनील के चाचा सुजीत ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छह माह पहले भी आरोपी ने उनके घर पर फायरिंग की थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगर उस समय सख्ती की जाती तो यह हत्या टल सकती थी।
पुलिस पर भी लगाए आरोप
वीडियो में आरोपी ने हस्तिनापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मियों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्हें हथियार उठाने पर मजबूर किया गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। फिलहाल पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Location : Meerut
Published : 26 February 2026, 3:25 AM IST