
युवक के शव की हुई पहचान (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र में रविवार शाम राजमंदिर गांव के किनारे नहर में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजगंज की मर्चरी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम सूचना मिली कि राजमंदिर के पास नहर में एक व्यक्ति का शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव करीब 35 से 40 वर्ष आयु के पुरुष का प्रतीत हो रहा था। प्रारंभिक स्तर पर पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने पहचान कराने के प्रयास शुरू किए।
बाद में मृतक की पहचान रवींद्र हरिजन (36 वर्ष) पुत्र राम मिलन हरिजन, निवासी ग्राम बड़गो टोला नउआडीह, थाना कोल्हुई के रूप में हुई। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि रवींद्र 26 जून की सुबह करीब नौ बजे घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 27 जून को उसे कोल्हुई बाजार स्थित एक दुकान पर देखा गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
मृतक के पिता ने बताया कि उन्होंने बेटे के लापता होने की सूचना स्थानीय थाने में दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
एसओ कोल्हुई कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 29 June 2026, 4:32 AM IST
Topics : Kolhui Police Station Area Maharajganj Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police young man dead body