
जानलेवा हमले करने के आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur: जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते 22 मई को थाना सिकरीगंज क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। आरोप है कि विवाद के दौरान अभियुक्तों ने वादी और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में पीड़ित पक्ष के लोगों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सिकरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सिकरीगंज के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गफ्फार पुत्र जब्बार निवासी भेड़ाचक तथा अजय पुत्र राजकुमार निवासी घोड़सारी, थाना सिकरीगंज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गोरखपुर में एक क्लिक और खाते से गायब हुए 1 लाख रुपये, फिर हुआ ऐसा कि साइबर ठगों के उड़ गए होश
सिकरीगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ऐसे मामलों में तत्काल गिरफ्तारी से अपराधियों के मनोबल पर अंकुश लगता है और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है।
Location : Gorakhpur
Published : 1 June 2026, 11:16 PM IST