Blind Murder Case: आगरा ब्लाइंड मर्डर की सुलझी गुत्थी, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

आगरा पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। यमुना एक्सप्रेस-वे के पास मिली युवती की लाश की पहचान एआई तकनीक से संभव हुई, जिसके बाद पुलिस ने दिल्ली से मृतका के प्रेमी सनी, उसकी मां और सौतेले पिता को गिरफ्तार किया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 10 February 2026, 3:36 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने तकनीक के सहारे एक जटिल ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाकर अपराध जांच में नया उदाहरण पेश किया है। यमुना एक्सप्रेस-वे के पास युवती का शव मिलने के बाद मामला पूरी तरह से अज्ञात था, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सर्विलांस की मदद से पुलिस ने न केवल मृतका की पहचान की, बल्कि हत्या के आरोपियों तक भी पहुंच गई।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर मिला था शव

शुक्रवार को खंदौली थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के पास एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई और मामला ब्लाइंड मर्डर में तब्दील हो गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सभी संभावित एंगल से जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था।

Raebareli: फर्जी लूट का पर्दाफाश, उधारी से बचने के लिए खुद रची साजिश

एआई की मदद से हुई मृतका की पहचान

इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में आगरा पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया। एआई तकनीक के माध्यम से युवती के चेहरे की डिजिटल तस्वीर तैयार कर उसे सोशल मीडिया और पुलिस नेटवर्क पर साझा किया गया। इसके बाद मृतका की पहचान सोनाली के रूप में हुई, जो मूल रूप से महोबा की रहने वाली थी। जांच में सामने आया कि सोनाली दिल्ली में अपने प्रेमी सनी के साथ रह रही थी। पहचान सामने आते ही पुलिस की जांच को नई दिशा मिली और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू कर दी गई।

जांच के दौरान हुआ खुलासा

डीसीपी पश्चिमी आदित्य सिंह के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सनी किसी दूसरी युवती से शादी करना चाहता था। वहीं, सोनाली द्वारा कथित अवैध गतिविधियों में शामिल होने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी रंजिश में सनी ने अपनी मां और सौतेले पिता प्रदीप के साथ मिलकर सोनाली की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार में रखकर दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए आगरा ले आया और खंदौली थाना क्षेत्र में फेंक दिया, ताकि पहचान और जांच को भटकाया जा सके।

Mainpuri: हिंदू सम्मेलन में गरमाया माहौल, हनुमानगढ़ी के महंत को धमकी देने का आरोप

तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और साइबर सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली पहुंची, जहां से सनी, उसकी मां और सौतेले पिता प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूला। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस मामले ने यह साफ कर दिया है कि आधुनिक तकनीक अपराध नियंत्रण और जांच में अहम भूमिका निभा रही है।

Location : 
  • Agra

Published : 
  • 10 February 2026, 3:36 PM IST