
‘कॉकरोच जनता पार्टी’
Farrukhabad: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP ट्रेंड को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। फर्रुखाबाद में भाजपा नेता विकास राजपूत ने इस ट्रेंड पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे भारतीय युवाओं और देश के भविष्य का अपमान बताया है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भ्रमित कर नकारात्मक राजनीति की तरफ धकेलने की कोशिश की जा रही है, जिसे देश का युवा कभी स्वीकार नहीं करेगा।
विकास राजपूत ने कहा कि भारत के युवाओं की तुलना “कॉकरोच” जैसे शब्दों से करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा कॉकरोच नहीं, शेर है शेर। यह सिर्फ युवाओं का नहीं, बल्कि देश के भविष्य का भी अपमान है। कुछ लोग मजाक और ट्रेंड के नाम पर नकारात्मक सोच फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
UP Heatwave: फर्रुखाबाद में लू का प्रकोप, चिलचिलाती धूप और तपिश के बीच ट्यूबवेल बना सहारा
भाजपा नेता ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला हर ट्रेंड समाज या युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व नहीं करता। कई बार कुछ लोग जानबूझकर ऐसे ट्रेंड्स को बढ़ावा देते हैं ताकि राजनीतिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों का मजाक उड़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को इस तरह की “भ्रामक और नकारात्मक मानसिकता” के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
विकास राजपूत ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जनता के असली मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय कुछ लोग सोशल मीडिया पर हास्यास्पद ट्रेंड्स को हवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश में रोजगार, शिक्षा और अवसरों की बात होती, तो इस तरह के ट्रेंड पैदा ही नहीं होते। लेकिन कुछ लोगों ने राजनीति को केवल मीम्स और मजाक तक सीमित कर दिया है।
भाजपा नेता ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाला देश है और यही युवा आने वाले समय में देश को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे ले जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्टार्टअप, तकनीक, शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र सेवा जैसे सकारात्मक अभियानों से जुड़ना चाहिए।
Location : Farrukhabad
Published : 22 May 2026, 9:06 PM IST