लिव-इन की जिद और जंगल में खूनी खेल: चचेरे भाई ने दुपट्टे से घोंटा महिला का गला, मासूम को मरा समझ भागा; बिजनौर में खौफनाक वारदात

हरिद्वार-ऋषिकेश घूमने के बहाने महिला को ले गया चचेरा भाई, फिर जंगल में हुई हत्या। पुलिस पूछताछ में सामने आई वारदात की पूरी कहानी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 26 September 2026, 9:07 PM IST
google-preferred

Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की जिद के चलते बिजनौर में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके चचेरे भाई नीरज ने की थी। आरोप है कि नीरज ने दुपट्टे से गला घोंटकर महिला की जान ले ली। वारदात के दौरान उसके साथ मौजूद तीन वर्षीय बच्ची का भी गला दबाने का प्रयास किया गया। बच्ची बेहोश होने के बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

जंगल में मिला था महिला का अधजला शव

बुधवार सुबह आलमपुर एड़वा गांव के जंगल में रामगंगा पोषक नहर के पास गन्ने के खेत में एक महिला का अधजला शव मिला था। शव के पास तीन वर्षीय बच्ची भी मिली थी। शुक्रवार को नबलपुर निवासी अनिल कुमार ने शव की पहचान अपनी पत्नी उषा सैनी के रूप में की। उषा पति से विवाद के चलते चांदपुर के स्याऊ इलाके में किराये के मकान में रह रही थी।

चचेरे भाई से बढ़ी थी नजदीकी

शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी देहात गौतम राय ने बताया कि मामले में अमरोहा के बीलना निवासी नीरज पुत्र रामअवतार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह महीने पहले उषा उसके भतीजे के जन्मदिन में आई थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और बाद में मोबाइल फोन के जरिए नजदीकियां बढ़ीं।

BRICS Summit के VIP डिनर तक कैसे पहुंची बिजनौर की ‘चाय’? PM मोदी की एक तारीफ ने इस देसी टी को रातों-रात बनाया ग्लोबल स्टार

साथ रहने की बात पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, उषा के पति को दोनों के बीच बढ़ती नजदीकी की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। करीब तीन महीने पहले उषा नबलपुर स्थित ससुराल छोड़कर स्याऊ में किराये के मकान में रहने लगी। पुलिस का दावा है कि इस दौरान उषा और नीरज के बीच संबंध बन गए और उषा उसके साथ रहने की जिद करने लगी। नीरज पहले से शादीशुदा था और उसने साथ रखने से इनकार कर दिया।

हरिद्वार-ऋषिकेश घुमाने के बहाने ले गया

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उषा को अमरोहा में किराये का कमरा दिलवाया और बाद में उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 19 सितंबर को नीरज उषा और उसके दोनों बच्चों को टाटा मैजिक से हरिद्वार और ऋषिकेश घुमाने ले गया। 20 सितंबर को लौटने के बाद वे नूरपुर के एक होटल में ठहरे, जहां उषा दोनों बच्चों के साथ करीब दो दिन रही।

जंगल में ले जाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात नीरज उषा और उसके बेटे-बेटी को टाटा मैजिक से आलमपुर एड़वा के जंगल में रामगंगा पोषक नहर के पास ले गया। आरोप है कि वहां उसने दुपट्टे से उषा का गला घोंट दिया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसका भी गला दबाया। बच्ची के बेहोश होने पर आरोपी उसे मृत समझकर मौके पर छोड़ गया।

यूपी में अब तेंदुओं की बढ़ती आबादी पर लगेगी लगाम! बिजनौर से शुरू होगा ऐसा अभियान, जानिए क्या है पूरा प्लान

बेटे को ससुराल में छोड़ा

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद नीरज महिला के छोटे बेटे को अपने साथ लेकर मुरादाबाद स्थित अपनी ससुराल पहुंचा। वहां उसने बताया कि बच्चे के माता-पिता के बीच विवाद चल रहा है और कुछ समय के लिए बच्चे को रखने का अनुरोध किया। पुलिस ने बच्चे को वहां से बरामद कर उसके पिता को सौंप दिया।

आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस के अनुसार, नीरज पेशे से वाहन चालक है और जम्मू से सेब व अन्य फल लाने का काम करता है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Location :  Bijnor

Published :  26 September 2026, 9:06 PM IST

Related News

Advertisement