
महाराष्ट्र में भीषण बस हादसा (IMG: Pinterest)
जानकारी के मुताबिक, उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुइयां मदारपुर गांव के रहने वाले लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी में शामिल होने के बाद सभी लोग मारुति ओमनी वैन से अपने घर लौट रहे थे। वैन में चालक समेत कई लोग सवार थे।
बताया गया कि शनिवार देर रात करीब एक बजे जब उनकी वैन मलिहाबाद-मोहान रोड पर पुरवा गांव के पास पहुंची, तभी मोहान की तरफ से आ रही होंडा सिटी कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त वैन में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने वैन चालक रामजी उर्फ अमित कुमार और आठ वर्षीय प्रिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रिया की मां मायादेवी को बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई।
इस दुर्घटना में सरोज कुमारी, आनंद, आशिक, दयावती, प्राची, छोटू, हर्षचंद और दीपांशी समेत आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का उपचार जारी है।
हादसे में घायल वैन सवार आशिक ने होंडा सिटी चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि कार में बेहद तेज सफेद लाइट लगी हुई थी। इसकी रोशनी इतनी तेज थी कि सामने का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। आरोप है कि कार तेज रफ्तार में आ रही थी और सीधे वैन से टकरा गई।
हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल घायल के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद होंडा सिटी कार का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कासगंज निवासी मोहम्मद सुहैल के रूप में हुई है।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। फरार चालक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Lucknow
Published : 21 November 2026, 6:42 PM IST
Topics : crime news Lucknow News Road Accident up crime UP News