हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (image source: internet)
Basti: बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरदी खास गांव में गत दिवस सुबह एक ऐसी घटना हुई जिसने हर किसी को झकझोर दिया। गांव के पूर्व प्रधान संदीप सिंह उर्फ सनी सिंह की पत्नी कीर्ति सिंह ने अपने छह साल के बेटे प्रभव सिंह की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। बेटे की हत्या के बाद महिला ने अपने गले और हाथ की नस पर भी चाकू से हमला कर खुदकुशी की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक गत दिवस सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद संदीप सिंह अपने पोल्ट्री फार्म चले गए। घर पर उनकी पत्नी कीर्ति, बेटा प्रभव और बुजुर्ग मां मौजूद थीं। कुछ देर बाद कीर्ति बेटे को लेकर बेडरूम में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
UP Crime: रिश्तों का कत्ल! खेत के पानी के झगड़े में भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है कि कमरे के अंदर महिला ने पहले बेटे की हत्या की और फिर खुद को घायल कर लिया। खून से लथपथ बेटे का शव देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
कमरा अंदर से बंद था इसलिए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिवार की मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग दहशत में आ गए। मासूम प्रभव का शव खून से लथपथ पड़ा था, जबकि कीर्ति के हाथ में चाकू था और वह खुद भी घायल अवस्था में थी।
पुलिस और गांव के लोगों ने किसी तरह महिला को काबू में लिया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। पहले महिला की अपनी सास से अनबन रहती थी और हाल के दिनों में पति-पत्नी के रिश्तों में भी खटास बढ़ गई थी। संदीप सिंह गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं और पोल्ट्री फार्म व मछली पालन का काम करते हैं।
एएसपी श्यामकांत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला गृह कलह से जुड़ा लग रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और मासूम प्रभव की मौत से हर कोई स्तब्ध है।
Location : Basti
Published : 14 May 2026, 5:50 PM IST