Balrampur: जनगणना होगी हाईटेक, अब मोबाइल से भर सकेंगे पूरी जानकारी

देश की जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश में जनगणना कार्य को अधिक सरल, तीव्र और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अब स्व गणना की अभिनव पहल शुरू की जा रही है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 2 May 2026, 2:54 PM IST

Balrampur : जिले में इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल रूप देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्व-गणना की व्यवस्था लागू की है। जिससे अब नागरिकों को लंबी प्रक्रिया या बार-बार जानकारी देने की परेशानी से राहत मिलेगी। जिले के लोग अब अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे अपनी जनगणना की जानकारी भर सकेंगे।

7 मई से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगी। इस दौरान लोग तय पोर्टल पर जाकर अपनी पारिवारिक और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया खास तौर पर उन लोगों के लिए आसान मानी जा रही है। यह समय बचाना चाहते हैं या सरकारी सर्वे टीम के इंतजार से बचना चाहते हैं।

मोबाइल नंबर और OTP से होगा रजिस्ट्रेशन

ऑनलाइन जनगणना प्रक्रिया में परिवार के मुखिया को अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद OTP सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद परिवार अपनी लोकेशन, घर से जुड़ी जानकारी और अन्य जरूरी विवरण भर सकेगा। पोर्टल पर सेव एंड प्रोसीड विकल्प दिया जाएगा। जिससे जानकारी सुरक्षित रखी जा सकेगी और जरूरत पड़ने पर दोबारा अपडेट भी किया जा सकेगा।

बलरामपुर पुलिस की बड़ी क्लीनिंग: कप्तान के चाबुक से दरोगाओं में मचा हड़कंप, जाने 14 एसआई पर क्या हुई कार्रवाई

22 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे

जनगणना का पहला चरण यानी मकानों का सूचीकरण और घर-घर गणना 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक जिले के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से तय 33 सवालों के जवाब लेंगे। प्रशासन ने सर्वे टीम को जिम्मेदारी दी है कि वे सही और सटीक जानकारी एकत्र करें ताकि जनगणना का रिकॉर्ड मजबूत बन सके।

मिलेगा 12 अंकों का पहचान नंबर

जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करेंगे, उन्हें 12 अंकों की विशेष स्व-गणना पहचान संख्या जारी की जाएगी। यह नंबर भविष्य में सत्यापन के लिए काम आएगा। जब प्रगणक घर पहुंचेगा। तब परिवार को केवल यह पहचान संख्या दिखानी होगी। इसके बाद मौके पर ही जानकारी का मिलान कर लिया जाएगा और दोबारा पूरी जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Location :  Balrampur

Published :  2 May 2026, 2:54 PM IST