Ballia: साथी को स्टेशन छोड़कर निकला सिपाही, सुबह गहरे गड्ढे में मिला शव; पास पड़ी थी बाइक

बलिया में बांसडीह कोतवाली के सिपाही परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में मिला। वह रविवार रात साथी सिपाही को स्टेशन छोड़ने के बाद लापता हुए थे। मौके से उनकी बाइक भी बरामद हुई। पुलिस हादसे समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 September 2026, 3:25 PM IST

Ballia: बलिया में बांसडीह कोतवाली में तैनात 2025 बैच के सिपाही परितोष मिश्रा का शव सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में मिलने से हड़कंप मच गया। शव के पास ही उनकी बाइक भी बरामद हुई। रविवार रात साथी सिपाही को स्टेशन छोड़ने के बाद परितोष अचानक लापता हो गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

साथी सिपाही को स्टेशन छोड़ने गए थे

प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र निवासी परितोष मिश्रा बांसडीह कोतवाली में तैनात थे। बताया गया कि रविवार शाम वह अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को बाइक से बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। स्टेशन से लौटने के बाद उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन साथी सिपाहियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया।

मोबाइल ड्यूटी की बात कहकर निकले

भोजन करने के बाद परितोष ने साथियों से मोबाइल ड्यूटी पर जाने की बात कही और बाइक लेकर वहां से निकल गए। हालांकि, वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई।

सुबह गड्ढे में मिला शव

सोमवार सुबह छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में सिपाही का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। गड्ढे के पास उनकी बाइक भी मिली। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में चली गई होगी और सिपाही बाइक समेत पानी में डूब गए।

हालांकि, पुलिस ने घटना को केवल हादसा मानकर जांच सीमित नहीं की है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ गोरखपुर पहुंची Gen-Z, नेहा बोरा भी मौजूद

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सिपाही के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके साथ भोजन करने वाले पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

मौके पर एडिशनल एसपी दिनेश शुक्ल, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र, बांसडीह कोतवाल राकेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Location :  Ballia

Published :  14 September 2026, 3:22 PM IST