
बलिया के सराफा बाजार में हलचल (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
Ballia: मध्य प्रदेश के भोपाल में चोरी के सोने के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल के तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने ओक्डेनगंज स्थित बीएल ज्वैलर्स पर छापेमारी कर दुकान संचालक अनिल वर्मा पुत्र बनारसी लाल वर्मा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस कारोबारी को ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल ले गई। यह मामला करीब 16 लाख रुपये के चोरी के आभूषणों से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, भोपाल के अलग-अलग थानों में चोरी से संबंधित कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में बलिया के कोतवाली थाना क्षेत्र के ओक्डेनगंज निवासी सराफा कारोबारी अनिल वर्मा वांछित था।
बताया जा रहा है कि चोरी के मामले में पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों को साथ लेकर भोपाल के तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम बलिया पहुंची थी। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ओक्डेनगंज स्थित बीएल ज्वैलर्स पहुंची। यहां कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुकान संचालक अनिल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल ले जाया गया।
भोपाल में चोरी, बलिया तक पहुंची जांच की आंच (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
भोपाल पुलिस अब चोरी के आभूषणों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के सोने को किन लोगों के माध्यम से खपाया गया और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच का केंद्र चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री और उससे जुड़े लोगों की भूमिका है। हालांकि, सराफा कारोबारी के कब्जे से कितने आभूषण बरामद हुए हैं, इस संबंध में अभी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
करीब 16 लाख रुपये के चोरी के आभूषणों से जुड़े इस मामले में भोपाल पुलिस की कार्रवाई के बाद बलिया के सराफा कारोबारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। चोरी के मामलों की जांच का बलिया तक पहुंचना और स्थानीय कारोबारी की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है।
Ballia: सोने की चोरी का भोपाल से बलिया तक कनेक्शन, सर्राफा कारोबारी गिरफ्तार
फिलहाल भोपाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी के आभूषणों की कथित खरीद-बिक्री और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Location : Ballia
Published : 30 November 2026, 1:15 AM IST