
हादसे के बाद घर में छाया मातम (Image: Dynamite News)
Ballia News: बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में एक ई-रिक्शा सवार मैकेनिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मिड्ढा गांव स्थित सदाफल आश्रम के सत्संग भवन के पास ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया था, जिसमें चार पहिया वाहन बनाने वाला मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई। युवक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दुकान बंद कर घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव निवासी अजहर अली उर्फ चिउड़ा (36) पुत्र अब्बास अंसारी जापलिनगंज स्थित अपनी चार पहिया वाहन मरम्मत की दुकान चलाते थे। रोज की तरह छह अगस्त की शाम वह दुकान बंद कर ई-रिक्शा से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा मिड्ढा गांव के पूरब स्थित सदाफल आश्रम के सत्संग भवन के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अजहर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
मऊ से वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाया गया
परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में घायल अजहर को मऊ लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें वाराणसी ले जाया गया, जहां सात अगस्त की दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे, जहां शनिवार को युवक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जा रहा है कि अजहर अली की शादी साल 2011 में सुखपुरा थाना क्षेत्र के कुम्हिया गांव में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। युवक की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अजहर अली परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाले एकमात्र सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। गांव में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।
Location : Ballia
Published : 8 August 2026, 2:15 PM IST