बलिया में गाड़ी हटाने को लेकर बवाल, मारपीट और हत्या के प्रयास में 4 गिरफ्तार

बैरिया थाना क्षेत्र में सड़क पर गाड़ी साइड करने की मामूली बात इतनी बढ़ गई कि विवाद मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ तक पहुंच गया। आरोप है कि पांच लोगों ने एक युवक के भाई के साथ लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 21 November 2026, 7:30 PM IST

Ballia: बैरिया थाना क्षेत्र में गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास के चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर सोनबरसा अस्पताल रोड के पास से चारों को हिरासत में लिया।

गाड़ी हटाने की बात पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को पीड़ित ने बैरिया थाने में तहरीर देकर बताया था कि गाड़ी साइड करने की बात को लेकर संजय पासवान, दिलीप पासवान, अजय पासवान, जितेंद्र पासवान और मिट्ठू पासवान ने उसके भाई के साथ विवाद किया।

आरोप है कि पांचों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर उसके भाई को घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान स्कॉर्पियो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

बलिया में मामूली विवाद में मारपीट (सांकेतिक फोटो)

पांच आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित की शिकायत के आधार पर बैरिया पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।

इसी क्रम में शनिवार को मुखबिर से आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सोनबरसा अस्पताल रोड के पास कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बलिया में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर प्रभारी मंत्री सख्त, अधिकारियों को दी चेतावनी

अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पासवान (30) और दिलीप पासवान (27), निवासी शोभाछपरा, अजय पासवान (24), निवासी रजौली और जितेंद्र पासवान (21), निवासी रेवती के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया।

बलिया में किन्नर माही की मौत, रात को कमरे में क्या हुआ?

न्यायालय भेजे गए चारों आरोपी

बैरिया पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। वहीं, मामले में नामजद पांच आरोपियों में से चार की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Location :  Ballia

Published :  21 November 2026, 7:20 PM IST