
मां-बेटे की मौत
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर बाजार में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। एक किराना की थोक दुकान में अचानक आग लगने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार रात करीब दो बजे की है। बताया जा रहा है कि चिलकहर बाजार में नीरज चौरसिया की किराना की होलसेल दुकान है, जहां नीचे दुकान और ऊपर परिवार रहता था।
रात के समय अचानक दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक परिवार और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
गड़वार थाना (Image Source: Google)
बताया जा रहा है कि दुकान और घर से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं था। इसी वजह से परिवार आग में फंस गया। इस हादसे में नीरज चौरसिया की 25 वर्षीय पत्नी रिंकी चौरसिया और पांच वर्षीय बेटा धीरज चौरसिया आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरज चौरसिया अपनी जान बचाने के लिए छत से कूद गए, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दिल्ली सरकार का नया फैसला: 5 किलो सिलेंडर पर रोक, इन 8 सेवाओं पर पड़ेगा असर?
पुलिस ने सोमवार सुबह आग बुझने के बाद राख में से मां-बेटे के शव को बरामद किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और आसपास के लोगों में गहरा शोक है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बचने का मौका ही नहीं मिल पाया। दुकान में काफी सामान रखा हुआ था, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
Israel Iran War: दुनिया की निगाहें उत्तर कोरिया पर, जानिए किम जोंग उन की अगली चाल
इस घटना के बाद पूरे चिलकहर बाजार में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच के बाद ही इस दर्दनाक हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।
Location : Ballia
Published : 16 March 2026, 8:56 AM IST
Topics : Ballia Fire Ballia News ballia police UP News UP Police