फोन आया, घर से निकले ट्रांसपोर्टर… कुछ घंटों बाद नहर किनारे मिली लाश, बहराइच से चौंकाने वाला मामला

बहराइच के नानपारा में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अजय कुमार द्विवेदी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि एक परिचित ने उन्हें फोन कर बुलाया था। कुछ देर बाद उनका शव नहर किनारे मिला। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 June 2026, 3:25 PM IST
google-preferred

Bahraich: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की हत्या से सनसनी फैल गई है। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बेलदारन टोला निवासी 56 वर्षीय अजय कुमार द्विवेदी सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से निकले थे। कुछ घंटों बाद उनका लहूलुहान शव नहर किनारे मिला। शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिलने के बाद पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच में जुट गई है।

परिचित के फोन पर घर से निकले थे अजय

परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे अजय कुमार द्विवेदी को समीर खान नामक परिचित का फोन आया था। बताया गया कि उसने अजय को सिसवारा गांव स्थित मथुरा मोड़ पर मिलने के लिए बुलाया। दोनों के बीच पुरानी दोस्ती होने के कारण अजय रात करीब साढ़े आठ बजे घर से निकल गए।

QR कोड पर पैसे भेजने के लिए आया फोन

परिवार का कहना है कि रात करीब 9:40 बजे अजय का फोन आया। उन्होंने एक क्यूआर कोड पर कुछ रुपये भेजने की बात कही। इसके कुछ ही समय बाद सिसवारा गांव के एक युवक ने अजय के परिचित को फोन कर दुर्घटना होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।

नहर किनारे गंभीर हालत में मिले, अस्पताल में मौत की पुष्टि

परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो अजय नहर किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े थे। उनके सिर और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे घाव थे। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने जताई हत्या की साजिश की आशंका

मृतक के बड़े भाई और वरिष्ठ पत्रकार संजय द्विवेदी ने कहा कि शरीर पर कई गहरे घाव यह साफ संकेत देते हैं कि अजय की हत्या की गई है। वहीं पत्नी सुधा द्विवेदी ने समीर खान उर्फ पप्पू समेत कुछ अन्य लोगों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

चार बच्चों की मां और पांच बच्चों के पिता का प्रेम प्रसंग बना बवाल, घर से भागने की कोशिश में रंगे हाथों पकड़े गए! 

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नानपारा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

आखिर मोसीम कहां है? 93 लावारिस शवों से नहीं मिला कोई सुराग, अब पांच आरोपियों के नार्को टेस्ट से खुल सकता है बड़ा राज

आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Bahraich

Published :  30 June 2026, 3:25 PM IST

Advertisement