बदायूं में चिंगारी ने उजाड़ा किसान का खेत: तीन बीघा गेहूं जलकर राख, अब प्रशासन से मुआवजे की मांग

बदायूं में जर्जर हाई-टेंशन तारों से निकली चिंगारी से किसान कल्लू के तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हुई। इस घटना के बाद गांव वालों के बीच बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। इस खबर में पढ़ें कि गांव वालों का गुस्सा कैसे फूट रहा है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 1 April 2026, 5:40 PM IST

Budaun: बदायूं जनपद के अलापुर थाना क्षेत्र और म्याऊं ब्लॉक के ग्राम पंचायत गौरामई में बिजली के जर्जर तारों से निकली चिंगारी ने एक किसान की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। गांव के किसान कल्लू के खेत में खड़ी पकी गेहूं की फसल में अचानक आग भड़क उठी, जिससे लगभग तीन बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त खेत के ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन लाइन में स्पार्किंग हुई। हवा के झोंके के साथ निकली चिंगारी सूखी, पकी हुई गेहूं की बालियों पर गिरी और देखते ही देखते आग ने पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया। पड़ोसी ग्राम तरसुरा के लोग धुएँ का गुबार देख शोर मचाते हुए लाठी-डंडे, बाल्टियां और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके पर दौड़े।

ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया

तरसुरा निवासी एक ग्रामीण ने बताया, “धुएँ का गुबार दिखते ही हम लोग खेत की ओर भागे। आग इतनी तेज़ थी कि यदि पांच-सात मिनट की देर होती तो आस-पास के खेत भी जल सकते थे।” ग्रामीणों ने खेत की मेड़ काटकर आग को फैलने से रोका, सूखी फसल हटाई और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।

Budaun: सोशल मीडिया में भभका जमाते, गैंगस्टर रील बनाते वायरल बदायूं के दो युवा, ग्रामीणों ने की एक्शन की मांग

दिन में आपूर्ति, रात में कटौती

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय बिजली नहीं दी जा रही, जबकि दिन में लाइन चालू रहती है। तेज धूप और हवा के बीच झूलते-टकराते तारों से लगातार चिंगारी गिरने का खतरा बना रहता है। “रात में लाइट मिले तो किसान सिंचाई और थ्रेसिंग का काम सुरक्षित समय पर कर लें, लेकिन विभाग दिन में आपूर्ति दे रहा है। ऊपर से लाइनें जर्जर हैं और मेंटेनेंस नहीं हुआ,” किसान कल्लू के परिजनों ने कहा।

बदायूं में कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल, युवक का तमंचा लहराते वीडियो वायरल

प्रशासनिक पहल और मुआवज़े की मांग

घटना थाना आलापुर क्षेत्र की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्युत विभाग तत्काल जर्जर तारों और पोलों की मरम्मत करे। इसके अलावा, लाइनों के नीचे और आस-पास फसल रखने से बचाव के लिए स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए। प्रभावित किसान को राजस्व विभाग के आकलन के आधार पर उचित मुआवज़ा दिया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते लाइनें दुरुस्त नहीं की गईं तो आंदोलन किया जाएगा।

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 1 April 2026, 5:40 PM IST