बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार, परिवार में मचा कोहराम

बदायूं में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, वहीं परिवार में मातम पसर गया। पुलिस अब फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 July 2026, 11:20 PM IST

Budaun: जनपद के कोतवाली उझानी क्षेत्र में एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। जीएस हीरो एजेंसी के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक उझानी कस्बे में मेडिकल स्टोर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक की पहचान कोतवाली उझानी क्षेत्र के बलाजी पुरम मोहल्ला, वार्ड नंबर 2 निवासी प्रमोद वर्मा, 32 वर्ष पुत्र बाबू राम के रूप में हुई है।

मृतक के पीड़ित परिजन

कैसे हुआ हादसा

पुलिस और परिजनों के अनुसार, प्रमोद की ससुराल गांव जिरौलिया में मकान का लेंटर डाला गया था। इसी काम के सिलसिले में प्रमोद अपनी पत्नी के मामा को जिरौलिया से उझानी रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। स्टेशन पर उन्हें ट्रेन में बैठाकर वह करीब सवा तीन बजे वापस अपनी ससुराल जिरौलिया लौट रहे थे।

जैसे ही वह उझानी में जीएस हीरो एजेंसी के सामने पहुंचे, पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रमोद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक प्रमोद दम तोड़ चुके थे।

बिल के पैसों पर बबाल; जानिए कैसे बदायूं के होटल में देखते ही देखते चलने लगे लात-घूंसे

पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा

सूचना पर पहुंची सिविल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

रात के अंधेरे में लगाए ताले, कर्मचारियों को दी धमकी, बदायूं के स्कूल में दबंगई का वीडियो वायरल

मेडिकल चलाकर चलाता था घर

प्रमोद उझानी कस्बे में एक मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। इलाके में वह मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी, एक बेटा और एक बेटी का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि घर की पूरी जिम्मेदारी प्रमोद के कंधों पर ही थी।

इस दुखद घटना के बाद बलाजी पुरम मोहल्ले में शोक की लहर है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, और हाईवे व कस्बे के प्रमुख चौराहों पर स्पीड ब्रेकर व सीसीटीवी लगवाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

Location :  Budaun

Published :  28 July 2026, 11:19 PM IST