हिंदी
टंकी पर चढ़ा युवक
Badaun: बदायूं जिले के सहसवान तहसील परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जमीन विवाद से परेशान एक युवक अचानक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने तहसील कर्मचारियों पर रिश्वत लेने और काम न करने के गंभीर आरोप लगाए। यह पूरा मामला करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश पर युवक को नीचे उतारा गया।
यह घटना सहसवान कोतवाली क्षेत्र के जितेंद्र कुमार से जुड़ी है। जितेंद्र का आरोप है कि उसने अपनी जमीन की पैमाईश के लिए लेखपाल राकेश और सुशीला को करीब 1 लाख रुपये दिए थे, लेकिन इसके बावजूद महीनों बीत जाने के बाद भी उसकी जमीन की नापजोख नहीं की गई। लगातार तहसील के चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह आक्रोशित हो गया।
गुस्से में आकर युवक तहसील परिसर की पानी की टंकी पर चढ़ गया और हाथ में तख्ती लेकर विरोध जताने लगा, जिस पर लिखा था “पैसा ले लिया, काम नहीं कर रहे।” जैसे ही वह टंकी पर चढ़ा, तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
UP Police Exam : बदायूं में ट्रैफिक संभालने निकली पुलिस, लेकिन सामने आई एक बड़ी तैयारी की वजह
घटना की सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस और तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा और कार्रवाई की मांग करता रहा।
करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक को सुरक्षित तरीके से टंकी से नीचे उतारा गया। प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच कराकर तीन दिन के अंदर पैमाईश कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
बदायूँ-बरेली सीमा विवाद में उलझी कार्रवाई, 2 दिन बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इस घटना के बाद तहसील कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन संबंधी कामों में देरी और अनियमितता आम बात बनती जा रही है, जिससे आम लोग परेशान हैं।
एसडीएम सहसवान ने कहा कि युवक के आरोपों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अगर लेखपाल दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।
Location : Badaun
Published : 10 June 2026, 11:59 AM IST