
गिरफ्तार आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: बदायूं में हुए एचपीसीएल के दो अधिकारियों के दोहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब धीरे-धीरे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच में जहां इसे एक सामान्य आपराधिक वारदात माना जा रहा था, वहीं अब यह मामला पारिवारिक साजिश और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़ा नजर आ रहा है।
सोमवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता उस समय मिली जब फिरोजाबाद में मुठभेड़ के बाद अजय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कल्लू भागने की फिराक में है। एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
Budaun Double Murder Case: मूसाझाग थाना फिर सुर्खियों में, HPCL प्लांट हत्याकांड ने उठाए गंभीर सवाल
गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। होश में आने के बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कई चौंकाने वाले राज उगल दिए। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी का चचेरा भाई है और हत्या में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार उसी ने उपलब्ध कराए थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला इसलिए और गंभीर हो जाता है क्योंकि इसमें खून के रिश्ते ही अपराध की जड़ बन गए। चचेरे भाई ने ही अपने रिश्तेदार को हत्या के लिए हथियार मुहैया कराए। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि पूरी साजिश परिवार के भीतर ही रची गई थी। इससे यह सवाल उठता है कि आखिर किन कारणों ने रिश्तों को इतनी नफरत में बदल दिया कि इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया।
इस खुलासे के बाद पुलिस अब अवैध हथियारों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कहां से आए और इस सप्लाई चेन में कौन-कौन शामिल है। पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो लंबे समय से अवैध असलहों की सप्लाई कर रहा है।
HPCL डबल मर्डर केस में नया मोड़, आदित्य यादव ने पुलिस पर उठाए गंभीर सवाल; जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। कल्लू के बयान के आधार पर कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया जाएगा और इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : Budaun
Published : 14 April 2026, 12:28 PM IST