हिंदी
पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोप
Budaun: बदायूँ जिले के दातागंज कस्बे से पुलिस की बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर थाना दातागंज के तीन पुलिसकर्मियों पर अपने नाबालिग बेटे को तीन दिन तक अवैध हिरासत में रखकर बेरहमी से पीटने, प्राइवेट पार्ट पर डंडे मारने और एनकाउंटर की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता महेन्द्र, निवासी मोहल्ला छोटा परा, कस्बा व थाना दातागंज, ने एसएसपी बदायूँ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 22 जून को रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने बिहार गया था। 22 जून की रात करीब 4 बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके बड़े बेटे अभिषेक को थाना दातागंज के सिपाही राहुल गौतम और जीशान घर से मोटरसाइकिल पर बिठाकर थाने ले गए हैं। उस समय घर पर सिर्फ छोटे बच्चे थे।
महेन्द्र के अनुसार, वह 24 जून को दोपहर करीब 3 बजे घर लौटा और सीधे थाने पहुंचा। वहाँ उसका बेटा अभिषेक जमीन पर अर्द्ध विक्षिप्त अवस्था में पड़ा मिला। आरोप है कि जब महेन्द्र ने बेटे को तीन दिन तक बिना आरोप हिरासत में रखने का कारण पूछा तो सिपाही राहुल गौतम और जीशान ने धमकी दी - "बेटे को ले जाओ, वरना एनकाउंटर कर देंगे।" वहीं तीसरे सिपाही पवन कुमार ने भी धमकाते हुए कहा कि "यहाँ से चले जाओ, अंजाम ठीक नहीं होगा।" डरे-सहमे अभिषेक को पिता और चाचा घर ले आए।
घर आने के काफी देर बाद जब अभिषेक सामान्य हुआ तो उसने पिता को बताया कि 22 जून की रात करीब 9 बजे राहुल गौतम और जीशान उसे "पूछताछ" के बहाने घर से उठा ले गए। थाने में दोनों ने उसे बुरी तरह पीटा। आरोप है कि सिपाही पवन कुमार शराब की बोतल लेकर आया। तीनों ने शराब पीने के बाद उसे कमरे में बंद कर निर्वस्त्र करके डंडों से पीटा। प्राइवेट पार्ट पर भी डंडे मारे गए और बाल नोच लिए गए, जिससे वह बेहोश हो गया।
अभिषेक का दावा है कि 22 जून की रात करीब 11 बजे जीशान और अन्य पुलिसकर्मी उसे गाड़ी में डालकर किसी अज्ञात जगह ले गए, जहाँ जीशान ने पिस्टल तानकर एनकाउंटर की धमकी दी। लगातार तीन दिन तक कमरा बंद कर पीटने से उसके घुटने, छाती समेत शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।
24 जून को ही महेन्द्र बेटे को लेकर स्वास्थ्य केंद्र दातागंज पहुंचा और मेडिकल कराया। इसके बाद थाना दातागंज में कोतवाल से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं हुई।
थक-हारकर महेन्द्र ने अब एसएसपी बदायूँ से गुहार लगाई है। उसने मांग की है कि आरोपी सिपाही राहुल गौतम, जीशान और पवन कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए।
इस पूरे मामले में थाना दातागंज या आरोपी पुलिसकर्मियों की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र मिलने की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों द्वारा जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है।
Location : Budaun
Published : 25 June 2026, 5:32 PM IST
Topics : Budaun Crime UP Police uttar pradesh