हिंदी
औरैया पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जनपद भ्रमण के दौरान सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल बबली और गुलाब सिंह को तत्काल सहायता प्रदान कर उनकी जान बचाई। दुर्घटना में घायल दोनों को मौके से चिचौली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल व्यक्ति का हाल-चाल लेती पुलिस
Auraiya: जनपद भ्रमण के दौरान औरैया पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मानवीय संवेदना और तत्परता का अद्वितीय उदाहरण पेश किया। आज दिनांक 2 दिसंबर को चिचौली के आगे सड़क किनारे दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े पाए गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इन घायल व्यक्तियों में एक महिला बबली (55) और उनके पति गुलाब सिंह (58) शामिल थे। स्थिति देखते ही पुलिस अधीक्षक तुरंत अपनी गाड़ी से मौके पर उतरे और बिना समय गवाए उपलब्ध ओमनी वैन से दोनों घायलों को चिचौली अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के साथ ही स्थिति पर निगरानी रखी। घायल महिला और पुरुष की चोटें गंभीर होने के बावजूद पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनकी जान बचाई।
घायल महिला बबली ने पूछताछ में बताया कि वह दिबियापुर से नारायणपुर स्थित मायके जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात ऑटो ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को तुरंत मिली और उन्होंने बिना किसी देर के प्राथमिक सहायता सुनिश्चित की।
घायल को पुलिस ने गाड़ी में पहुंचाया अस्पताल
Auraiya News: एसआईआर कार्य के दौरान अचानक बिगड़ी बीएलओ की तबीयत, अधिकारियों में मचा हड़कंप
इस दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों ने घायल दंपति को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि ऐसे गंभीर हादसों में त्वरित सहायता देना नागरिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि किसी भी स्थिति में आम नागरिकों की जान बचाना और मदद करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
Maharajganj DM ने धान खरीद और उर्वरक बिक्री का किया निरीक्षण, किसानों से की ये अपील
घटना स्थल पर स्थानीय लोग भी जमा हुए और पुलिस अधीक्षक की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती, तो हादसा और भी गंभीर परिणाम दे सकता था। अस्पताल में उपचाराधीन बबली और गुलाब सिंह की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और अज्ञात ऑटो चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।