
अधिशाषी अभियंता अमन यादव (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Auraiya: जनपद के विकास खण्ड औरैया अंतर्गत ग्राम महारथपुर में जल जीवन मिशन के तहत संचालित ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के निर्माण कार्य के दौरान एक बंदर के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात गार्ड को हटा दिया है और उसकी जगह नए गार्ड की तैनाती कर दी गई है।
योजना के अंतर्गत 150 किलोलीटर क्षमता एवं 18 मीटर स्टेजिंग वाले अवर जलाशय का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पाइपलाइन, नलकूप, पम्प हाउस, बाउंड्रीवाल और गृह संयोजन का कार्य अभी प्रगति पर है। यह योजना फिलहाल निर्माणाधीन है।
बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल के आसपास बड़ी संख्या में बंदरों का डेरा है और अक्सर बंदरों के झुंड साइट पर आ जाते हैं।
इसी दौरान एक बंदर का बच्चा गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में गार्ड की लापरवाही सामने आने पर उसे तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब योजना स्थल पर सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
Location : Auraiya
Published : 14 April 2026, 6:02 PM IST