हिंदी
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान (Image: Social Media)
Shamli News: शामली में हुए गायक अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब बड़े गैंग नेटवर्क तक पहुंचती नजर आ रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे सिर्फ एक गैंग नहीं बल्कि कई आपराधिक गिरोहों का कनेक्शन हो सकता है। जांच में हरियाणा के बाबा, 007 और 001 गैंग के तार कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन गैंगों के बीच होने वाली बातचीत, संपर्क और गतिविधियों को खंगाल रही है।
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, एक लाख रुपये के इनामी वांछित शार्प शूटर सत्यम और आर्यन की जांच के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं। जांच में पता चला है कि हरियाणा के सोनीपत क्षेत्र से जुड़े बाबा, 007 और 001 गैंग के सदस्य गोगी गैंग के लगातार संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, इन गिरोहों के करीब नौ गुर्गों के गोगी गैंग से जुड़े होने की जानकारी मिली है। आशंका है कि ये लोग किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क, मोबाइल रिकॉर्ड और आपसी संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में अब बॉक्सर गैंग का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सोनीपत के गन्नौर निवासी बॉक्सर गैंग का सरगना दीपक बॉक्सर भी शार्प शूटरों के संपर्क में था। दीपक बॉक्सर को साल 2023 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मैक्सिको से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस अब उससे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है और इसके लिए उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक, अंकित बालियान हत्याकांड में अब तक 12 से ज्यादा लोगों की भूमिका सामने आ चुकी है। इनमें गोगी गैंग, पंपू गैंग, बॉक्सर गैंग और अन्य आपराधिक गिरोहों से जुड़े लोग शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां इन सभी के बीच संबंध, मोबाइल नंबर, कॉल रिकॉर्ड और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आ रहे सभी कनेक्शन को जोड़ा जा रहा है ताकि पूरी साजिश का खुलासा हो सके।
अंकित हत्याकांड में फरार चल रहे एक-एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम और आर्यन की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार दोनों पर इनाम बढ़ाकर दो-दो लाख रुपये किया जा सकता है। इनाम बढ़ाने के लिए एडीजी की ओर से डीजीपी को पत्र भेजा गया है। वहीं, पुलिस भोलू शाहपुरिया समेत अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। आशंका है कि भोलू सोनीपत, दिल्ली या विदेश में छिपा हो सकता है।
पुलिस जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि शार्प शूटरों के निशाने पर सिर्फ गायक अंकित बालियान ही नहीं था, बल्कि हरियाणा के दो अन्य लोग भी थे। पुलिस के अनुसार, पानीपत के सोनू मालपुरिया और सोनीपत के हिमांशु की हत्या की भी साजिश रची गई थी। इस संबंध में पुलिस ने पानीपत और सोनीपत पुलिस को जानकारी दी है।फिलहाल पुलिस सभी गैंगों के कनेक्शन और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Shamli News
Published : 9 September 2026, 4:57 PM IST