मोहब्बत में बुआ बनी कातिल: रास्ते में आई भाभी तो खेली खून की होली, मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ा

मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती ने अपने ही परिवार को नींद की गोलियां देकर सुलाया, चार साल की भतीजी को पानी की टंकी में डुबोकर मार डाला और भाभी पर चाकू से जानलेवा हमला किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 February 2026, 8:23 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने ही घर को साजिश का अड्डा बना दिया। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही भाभी को रास्ते से हटाने के लिए उसने ऐसी खौफनाक चाल चली कि चार साल की मासूम भतीजी की जान चली गई और पूरा परिवार खून से लथपथ हो गया।

क्या है पूरा मामला

घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के बसीकला गांव की है। सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्ची लापता है और घर में हमला हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि फिरदौस नाम की महिला खाट पर पड़ी कराह रही थी। उसके पेट में चाकू के गहरे जख्म थे और तीन छोटे बच्चे भी घायल थे। बच्ची इशारा घर में नहीं मिली। जब पुलिस ने घर के अंदर हर कोना खंगाला तो बर्तन धोने वाली जगह के पास बनी पानी की टंकी से चार साल की मासूम की लाश बरामद हुई। टंकी का ढक्कन बंद था और अंदर बच्ची का शव तैर रहा था। ये मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया।

ऐसे रची गई खौफनाक साजिश

जांच में सामने आया कि माना नाम की युवती का गांव के ही एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिवार को जब इसकी भनक लगी तो उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई। माना का प्रेमी नौकरी के सिलसिले में चेन्नई चला गया था। माना जब भी चोरी-छिपे फोन पर बात करती, उसकी भाभी फिरदौस उसे टोकती थी। यही बात उसके दिल में जहर बन गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना से आठ दिन पहले माना ने नशे की गोलियां मंगाई थी। वारदात की रात उसने करीब 16 गोलियां खाने और चाय में मिलाकर पूरे परिवार को दे दी। खुद उसने दवा नहीं ली। सबके गहरी नींद में जाते ही उसने पहले अपनी भतीजी को उठाकर पानी की टंकी में डाल दिया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। इसके बाद उसने सो रही भाभी पर चाकू से दो से तीन बार वार किए।

पुलिस की कार्रवाई और खुलासा

घायल महिला को पहले सीएचसी और फिर मेरठ रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक वह अब खतरे से बाहर है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पूछताछ में माना ने जुर्म कबूल करते हुए कहा कि वह जबरन तय की गई शादी से खुश नहीं थी और भाभी उसके प्रेम में बाधा बन रही थी। पुलिस ने आरोपी को बीएनएस की धारा 103 के तहत जेल भेज दिया है। प्रेमी और गोलियां उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच जारी है।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 17 February 2026, 8:23 PM IST