80 साल के नाना ने कुल्हाड़ी से काटकर 72 साल की नानी को मार डाला, कारण जानने पर सब बोले- ये असंभव है

गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की मानसिक स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 16 May 2026, 4:26 PM IST
google-preferred

Ghaziabad: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में शनिवार तड़के एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग भी सन्न रह गए। हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

खुद थाने पहुंचकर दी हत्या की जानकारी

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे हरपाल पुत्र खचेडू निवासी रावली कला मुरादनगर की रावली चौकी पहुंचा। पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है। यह सुनते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बेटी के घर रह रहे थे बुजुर्ग दंपती

पुलिस के मुताबिक, हरपाल मूल रूप से मोरटा कब्रिस्तान के पास का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल वह अपनी पत्नी उर्मिला के साथ बेटी कंचन के घर रावली गांव में रह रहा था। घटना के समय घर में कंचन के बेटे कुणाल और अजय भी मौजूद थे। बताया गया कि उनके माता-पिता मेरठ गए हुए थे। परिवार के लोगों के अनुसार हरपाल की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं चल रही थी।

रात में सोते समय किया हमला

मृतका के नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि नाना-नानी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना वाली रात सभी लोग सो रहे थे और हरपाल व उर्मिला घर के बाहर चारपाई पर सोए हुए थे। इसी दौरान हरपाल ने कुल्हाड़ी से उर्मिला के सिर पर कई वार कर दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि महिला के सिर और कान के पास गहरे घाव थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गंभीर रूप से घायल उर्मिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी हरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और हत्या की असली वजह की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Ghaziabad

Published :  16 May 2026, 4:26 PM IST

Advertisement