हिंदी
भात की दावत बनी मुसीबत (Image Source: X)
Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में शादी की खुशियों के बीच आयोजित भात की दावत उस समय मुसीबत में बदल गई, जब भोजन करने के कुछ घंटे बाद 50 से ज्यादा मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से अमरोहा और संभल के दो गांवों में अफरा-तफरी मच गई। बीमार लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मामला अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव का है। यहां एक परिवार में भात की दावत आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में संभल जिले के बेला दुगावर गांव से भी बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान पहुंचे थे। शादी की रस्म के चलते घर में उत्साह का माहौल था और मेहमानों के लिए कई तरह के पकवान तैयार किए गए थे।
दावत में पनीर, आलू, पूड़ी, उड़द और रायता समेत कई व्यंजन परोसे गए। शाम करीब सात बजे लोगों ने भोजन किया और इसके बाद अपने-अपने घर लौट गए। शुरुआत में किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटे बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत खराब हो जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, आधी रात के बाद अचानक लोगों को उल्टी और दस्त की परेशानी होने लगी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य स्वास्थ्य समस्या समझा, लेकिन धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़ने लगी। एक के बाद एक कई परिवारों के लोग इसकी चपेट में आने लगे। इसके बाद परिजन बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: जन्मदिन का झूठा बहाना और 6 फीट गहरा गड्ढा,अमरोहा में अनीता हत्याकांड की कहानी सुनकर चौंक जाएंगे
फूड पॉइजनिंग की घटना की जांच शुरू (Image Source: X)
बताया जा रहा है कि बीमार होने वालों में करीब 25 लोग अमरोहा के शेरगढ़ गांव के हैं, जबकि लगभग 30 लोग संभल जिले के बेला दुगावर गांव के निवासी हैं। इस तरह 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने से दोनों गांवों में हड़कंप मच गया। सभी बीमार लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भोजन में शामिल किस खाद्य पदार्थ की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ी। शुरुआती तौर पर दावत में परोसे गए पनीर को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद दावत में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों की पड़ताल शुरू कर दी गई है। शुरुआती शक संभल जिले के गवां कस्बे से खरीदे गए पनीर पर जताया जा रहा है। पनीर विक्रेता के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर भी दी गई है। हालांकि, पनीर की गुणवत्ता खराब होने या उसी की वजह से लोगों के बीमार पड़ने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: अमरोहा दुष्कर्म केस: उमेश शर्मा के फार्म हाउस मामले में महिला आयोग की एंट्री, जांच पर नजर
वहीं, खाद्य विभाग की टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पनीर की गुणवत्ता में कोई खराबी थी या भोजन में किसी अन्य वजह से संक्रमण फैला।
फिलहाल 50 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने की घटना के बाद दोनों गांवों में चिंता का माहौल है। जांच का मुख्य सवाल यही है कि भात की दावत में परोसे गए भोजन में आखिर ऐसा क्या था, जिसके बाद इतने लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।
Location : Amroha
Published : 29 November 2026, 7:58 PM IST
Topics : Amroha News Food Department Investigation food poisoning More Than 50 People Sick Paneer Food Poisoning