
चौकीदार की मौके पर दर्दनाक मौत (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Amethi: जिले के जामो थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। संभई के पास स्थित एक धर्मकांटे पर सो रहे युवक को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सर्वेश उर्फ पिंटू (36) पुत्र श्रीराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सर्वेश धर्मकांटा पर चौकीदार के रूप में काम करता था और शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान वहीं सो गया था। इसी दौरान रात में एक ट्रक तौल कराने के लिए धर्म कांटे पर पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक वाहन को बैक कर रहा था तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि धर्मकांटे पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी, जिसके कारण चालक को वहां सो रहा चौकीदार दिखाई नहीं पड़ा। ट्रक सीधे युवक के ऊपर चढ़ गया और उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Amethi News: व्यापारी के अपहरण और एक करोड़ की फिरौती, फिर आगे जो हुआ, जानें पूरी खबर
सर्वेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन अस्पताल पहुंच गए जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों के मुताबिक सर्वेश काफी समय से धर्मकांटे पर चौकीदारी का काम कर रहा था और मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आरोपी चालक तक पहुंचा जा सके।
घटना को लेकर जामो थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रक चालक की लापरवाही का लग रहा है। धर्मकांटे पर पर्याप्त लाइट न होना भी हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
Amethi: BLO के पति ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाए गंभीर आरोप, अखिलेश यादव ने की कार्रवाई की मांग
अमेठी का यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलता नजर आ रहा है। यदि धर्मकांटे पर पर्याप्त रोशनी होती और ट्रक चालक सतर्कता बरतता, तो शायद सर्वेश की जान बच सकती थी। फिलहाल पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर चर्चा है और परिजन आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Amethi
Published : 23 May 2026, 1:32 PM IST