
अंत्येष्टि स्थल निर्माण की होगी जांच (IMG: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली में सरकारी धन के उपयोग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। विकासखंड राही की ग्राम पंचायत जगदीशपुर में लाखों रुपये की लागत से बन रहे अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखा दिए गए, लेकिन जमीन पर काम अधूरा और मानकों के विपरीत है। शिकायत सामने आते ही जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत जगदीशपुर में लगभग 22 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाना था। आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले इस परियोजना के लिए लगभग 13 लाख रुपये की धनराशि निकाल ली गई, लेकिन मौके पर उस अनुपात में निर्माण कार्य नहीं कराया गया। इसके बावजूद शासन को कार्य पूरा होने की रिपोर्ट भेज दी गई।
एक रात, 5 सर्राफा दुकानें और लाखों का माल साफ! CCTV भी उखाड़ ले गए चोर, रायबरेली में मचा हड़कंप
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब निर्माण कार्य से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और अधूरे कार्य को लेकर सवाल उठाए गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जांच के निर्देश जारी किए हैं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंजू लता ने बताया कि ग्राम पंचायत जगदीशपुर के अंत्येष्टि स्थल निर्माण से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
सीडीओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को निर्देशित किया गया है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति क्या है, कितनी धनराशि खर्च हुई और निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हुआ या नहीं।
Location : Raebareli
Published : 4 August 2026, 6:54 PM IST