अखिलेश यादव ने पूछा; न्याय मांगने वालों पर FIR क्यों? बोले- ललिता गौतम के साथ महा-अत्याचार

मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने आर्थिक मदद, सरकारी नौकरी और मामले को सदन में उठाने का भरोसा दिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 July 2026, 1:53 PM IST

Meerut : गन्ने के खेत में युवती का शव मिलने, परिवार के गंभीर आरोपों और न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के बाद ललिता गौतम हत्याकांड अब उत्तर प्रदेश की सियासत का बड़ा मुद्दा बन गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को दिल्ली में ललिता के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और मामले को विधानसभा में उठाने का भरोसा दिया।

परिवार से करीब डेढ़ घंटे तक हुई बातचीत

ललिता गौतम के परिजन शनिवार सुबह मेरठ से दिल्ली पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने अखिलेश यादव से बंद कमरे में करीब सवा से डेढ़ घंटे तक बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। अखिलेश ने परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

डाइनामाइट न्यूज़ की खबर पर लगी मुहर: ललिता गौतम के परिजनों से मिले अखिलेश यादव, मेरठ छात्रा हत्याकांड पर भाजपा पर साधा निशाना

पुलिस कार्रवाई पर अखिलेश ने उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “मेरठ की बेटी” के साथ हुई घटना के बाद नामजद आरोपियों पर कमजोर धाराएं लगाना और न्याय की मांग करने वाले आंदोलनकारियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करना नाइंसाफी की पराकाष्ठा है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए।

अखिलेश ने कहा कि कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने वाले जिन 13 लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें वापस कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परिवार से वादा किया कि पूरे मामले को सदन में उठाया जाएगा और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फर्जी मुकदमे में नहीं फंसने दिया जाएगा।

 17 मई को खेत में मिला था शव

ललिता का शव 17 मई को रोहटा थाना क्षेत्र के उकसिया गांव स्थित गन्ने के खेत में मिला था। परिवार ने गैंगरेप के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया।

जांच के दौरान मुख्य आरोपी अंकुश समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पुरानी दोस्ती, शक और विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की थी। हालांकि परिवार और दलित संगठनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए।

Location :  Meerut

Published :  11 July 2026, 1:53 PM IST