आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी बस! डंपर से टकराते ही लगी ऐसी आग, जिंदा जला ड्राइवर

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। कानपुर से गुरुग्राम जा रही बस अचानक आग के गोले में बदल गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए जलती बस से कूद पड़े। हादसे में मौत और गंभीर घायलों की खबर सामने आई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 22 May 2026, 8:26 AM IST
google-preferred

Firozabad: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से भरे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

जिंदा जल गया चालक

हादसे में बस चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। बस में करीब चार दर्जन यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग तीन दर्जन लोग झुलस गए। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए जलती बस से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की। घटना थाना मटसेना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 43.300 के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के आगे चल रहा डंपर अचानक डिवाइडर से टकरा गया। पीछे आ रही तेज रफ्तार बस संभल नहीं सकी और सीधे डंपर में जा घुसी।

भीषण गर्मी में यूपी में गहराया बिजली संकट, अस्पतालों तक में ठप हुईं सुविधाएं

आग की लपटों में फंसे यात्री

टक्कर के कुछ ही सेकंड बाद बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के अंदर बैठे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर थाना मटसेना पुलिस, कई थानों की फोर्स, यूपीडा कर्मी, एम्बुलेंस और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घायलों को तुरंत शिकोहाबाद और फतेहाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर कई यात्रियों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एक युवती का इलाज शिकोहाबाद में जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। एसडीएम शिकोहाबाद डॉ. गजेंद्र पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एक माह पूर्व अगवा किशोरी का कोई सुराग नहीं, परिजनों ने पुलिस पर लगाया खर्चा-पानी लेने का आरोप

पुलिस ने क्या बताया?

थाना प्रभारी मटसेना ने बताया कि डंपर के डिवाइडर से टकराने के बाद यह हादसा हुआ। उसके पीछे चल रही लग्जरी बस डंपर में घुस गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। हादसे में चालक की मौत हो चुकी है जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Location :  Firozabad

Published :  22 May 2026, 8:26 AM IST

Advertisement