हिंदी
अस्पतालों तक में ठप हुईं सुविधाएं (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में घंटों की बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग गर्मी और पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं अस्पतालों में इलाज व्यवस्था भी चरमरा गई है।
राजधानी लखनऊ के दुबग्गा, ठाकुरगंज, आलमबाग और आसपास के कई इलाकों में लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई-कई घंटे तक बिजली नहीं आने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है। तेज गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी सबसे ज्यादा बढ़ गई है।
बिजली कटौती का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ा है। मोटर और पंप नहीं चल पाने की वजह से कई मोहल्लों में पानी की किल्लत हो गई है। लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
आजतक की टीम जब लखनऊ के दुबग्गा इलाके में पहुंची तो वहां हालात बेहद खराब नजर आए। एक निजी अस्पताल में बिजली न होने के कारण एक्स-रे और स्कैन जैसी जरूरी जांच सेवाएं बंद पड़ी थीं। अस्पताल में भर्ती मरीज गर्मी और बीमारी दोनों से परेशान दिखे।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, बिजली कटौती के दौरान जनरेटर के सहारे काम चलाया जा रहा था, लेकिन लगातार इस्तेमाल की वजह से जनरेटर भी खराब हो गया। फिलहाल उसकी मरम्मत का काम जारी है।
अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों ने प्रशासन पर नाराजगी जताई। एक महिला ने बताया कि उनकी मां के घुटने में फ्रैक्चर है, लेकिन बिजली न होने की वजह से एक्स-रे नहीं हो पा रहा। इससे इलाज में देरी हो रही है।
लोगों का कहना है कि पहले से गर्मी ने हालात खराब कर रखे हैं, ऊपर से बिजली संकट ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर रातभर बिजली न आने से लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हैं।
Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का तांडव, अगले तीन दिन लू का अलर्ट
लगातार बढ़ती बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। विपक्ष भी सरकार पर बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि बढ़ती गर्मी और बिजली की मांग में अचानक वृद्धि के कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है। हालांकि विभाग ने जल्द स्थिति सामान्य करने का दावा किया है।
Location : Lucknow
Published : 22 May 2026, 7:59 AM IST