हिंदी
फर्रुखाबाद में अगवा किशोरी का नही कोई सुराग (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Farrukhabad: जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमानाबाद से एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को एक महीने से अधिक समय हो गया है, लेकिन पुलिस अब तक किशोरी को बरामद नहीं कर पाई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ऑनलाइन रिश्वत लेने और कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को उनकी 17 वर्षीय बेटी सपना को ग्राम पंचायत गदनपुर देवराजपुर निवासी रोहित पुत्र कन्हैयालाल मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद परिवार आरोपी के घर पहुंचा, जहां आरोपियों ने दो दिन में लड़की को वापस लाने का आश्वासन दिया था।
Farrukhabad: महिला ने पुलिस की कार्यशैली पर लगाए गंभीर आरोप, देखिए क्या बोलीं
➡️कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमानाबाद का मामला
➡️एक माह पूर्व अगवा हुई थी किशोरी
➡️पुलिस के हाथ अभी तक खाली#farrukhabad #kidnapped #minorgirl #kamalganjpolicestation pic.twitter.com/QIp87H1umF— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 21, 2026
दो दिन बाद जब लड़की वापस नहीं आई, तो पीड़ित पक्ष कमालगंज थाना पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पहले दिए गए प्रार्थना पत्र को स्वीकार नहीं किया और एक नया प्रार्थना पत्र लिखवाकर आरोपी के परिजनों के नाम हटवा दिए। इसके बावजूद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया कि किशोरी की बरामदगी के एवज में खर्चा-पानी देने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। पीड़िता की बड़ी बहन नीलम ने कथित तौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मामले के विवेचक उप निरीक्षक भूकेंद्र सिंह ने फोन कर कहा कि लड़की बरामद हो गई है और “खर्चा पानी” के नाम पर 18 हजार रुपये ऑनलाइन खाते में डलवा लिए। परिवार का कहना है कि रुपये देने के बावजूद न तो लड़की मिली और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की। आरोप यह भी है कि बाद में 24 हजार रुपये और मांगे गए।
परिवार का दावा है कि आरोपी युवक का मोबाइल लगातार चालू है और उससे बातचीत भी हो रही है, लेकिन पुलिस उसे पकड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। लगातार थाने और अधिकारियों के चक्कर काटते-काटते परिवार परेशान हो चुका है।
इस संबंध में थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि FIR पंजीकृत है पुलिस द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है और जल्द ही लड़की को बरामद कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उप निरीक्षक पर लगाए गए रुपयों के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी।
Location : Farrukhabad
Published : 22 May 2026, 3:20 AM IST