महराजगंज में चैत्र नवरात्रि को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। डीएम और एसपी ने लेहड़ा देवी मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। पढ़ें पूरी खबर…

चैत्र नवरात्रि को लेकर प्रशासन अलर्ट
Maharajganj: आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बृजमनगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आद्रवन लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुगमता को प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम और एसपी ने मंदिर के पुजारियों से संवाद कर पूजन-पद्धति और दर्शन व्यवस्था की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुगमता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
पंडाल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था
अधिकारियों ने मंदिर समिति एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही पर्याप्त पेयजल, बैरिकेडिंग, पंडाल और विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और सीसीटीवी कैमरों के साथ कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट प्लान तैयार करने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।