डिजिटल शिक्षा की ओर कदम डीएम ने लॉन्च किया द टीचर ऐप, एआई से संवरेगा बच्चों का भविष्य

जनपद की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। मंगलवार को एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने भारती एयरटेल फाउंडेशन और नीति आयोग के सहयोग से तैयार...

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 April 2026, 7:28 PM IST
बलरामपुर: जनपद की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। मंगलवार को एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने भारती एयरटेल फाउंडेशन और नीति आयोग के सहयोग से तैयार 'द टीचर ऐप' का औपचारिक शुभारंभ किया।
क्या है पूरी खबर?
यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए आई) पर आधारित एक विशेष प्लेटफॉर्म है, जो शिक्षकों को शिक्षण कार्य में डिजिटल सहायता प्रदान करेगा। इस ऐप की सबसे बड़ी विशेषता इसका एआई आधारित होना है, जिससे यह शिक्षकों की जरूरतों के अनुसार लगातार खुद को अपडेट करता रहता है। शिक्षक अपनी कक्षा और विषय की आवश्यकता के अनुसार ऐप में प्रॉम्प्ट डालकर उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षण सामग्री, विषयवस्तु और रोचक संसाधन तुरंत प्राप्त कर सकेंगे।
शिक्षकों का आह्वान
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस तकनीक का प्राथमिक उद्देश्य जनपद की लर्निंग ट्रैजेक्टरी और लर्निंग आउटकम में सुधार करना है। उन्होंने सभी शिक्षकों का आह्वान किया कि वे इस ऐप का प्रभावी ढंग से उपयोग करें ताकि शिक्षण कार्य को अधिक आधुनिक, परिणामोन्मुख और छात्रों के लिए सुलभ बनाया जा सके।
ऐप शिक्षकों के लिए एक सहायक के रूप में काम
जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि यह ऐप शिक्षकों के लिए एक सहायक के रूप में काम करेगा, जिससे उन्हें पाठ योजना तैयार करने और जटिल विषयों को सरलता से समझाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला और भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों का मानना है कि इस डिजिटल पहल से जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और शिक्षकों को नए जमाने की तकनीक से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

Location :  Balrampur

Published :  21 April 2026, 7:28 PM IST