भीषण सड़क हादसे में बुझा घर का चिराग, बलरामपुर के गौरा थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण बारात से लौट रही गाड़ी गड्ढे में पलटी। ग्राम बेनीनगर निवासी पंचायत सहायक सौरभ यादव की हुई दर्दनाक मौत।

बलरामपुर में गड्ढा बना मौत का अड्डा
Balrampur: शुक्रवार तड़के घना कोहरा एक परिवार के लिए मौत बनकर आया। खुशियों से भरी बारात की वापसी अचानक एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। अंधेरे, तेज रफ्तार और कम दृश्यता ने मिलकर ऐसा मंजर रचा कि सड़क किनारे एक गड्ढा कब कब्रगाह बन गया, किसी को पता ही नहीं चला।
बारात से लौटते वक्त हुआ भीषण हादसा
यह दर्दनाक सड़क हादसा बलरामपुर जिले के गौरा थाना क्षेत्र में हुआ। ग्राम बेनीनगर निवासी राजकिशोर सिंह के पुत्र रोहित सिंह की बारात बहराइच गई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद रात करीब तीन बजे बारात अर्टिगा कार से वापस गांव लौट रही थी। इसी दौरान बेलहा-गौरा मार्ग पर परसा पुरैना मोड़ के पास अचानक सब कुछ बदल गया।
कोहरे और तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस वक्त सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता बेहद कम थी और कार की रफ्तार भी काफी तेज बताई जा रही है। मोड़ दिखाई न देने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुलने के बावजूद जान नहीं बच सकी।
पंचायत सहायक की मौके पर मौत
हादसे में कार सवार 28 वर्षीय सौरभ यादव, जो ग्राम पंचायत बेनीनगर में पंचायत सहायक के पद पर तैनात थे, को सिर में गंभीर चोट आई। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चालक जाकिर हुसैन सहित सोनू गुप्ता, विद्वेष और भूरे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने बचाई घायलों की जान
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में पसरा मातम
सौरभ यादव की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, बेनीनगर में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी ममता, डेढ़ साल की मासूम बेटी और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। प्रशासन ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से सावधानी बरतने और धीमी गति से चलने की अपील की है।