मां लेहड़ा देवी धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, जय माता दी के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

नवरात्र के प्रथम दिन आद्रवन स्थित सुप्रसिद्ध मां लेहड़ा देवी धाम में गुरुवार तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे हैं। जय माता दी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 19 March 2026, 1:00 PM IST

Maharajganj: चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन आद्रवन स्थित सुप्रसिद्ध मां लेहड़ा देवी धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।  जय माता दी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग यानी हर वर्ग के लोग माता के दर्शन के लिए उमड़े। कई भक्त रात से ही लाइन में लग गए थे, ताकि सुबह सबसे पहले दर्शन कर सकें।

मां लेहड़ा देवी धाम की ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है। महराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और देवरिया सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इसके अलावा नेपाल से भी भक्त यहां माता के दर्शन के लिए आते हैं। नवरात्र में यहां आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

 मंदिर का इतिहास

लोकमान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान यहां निवास किया था और अर्जुन ने यहीं तपस्या कर मां भगवती को प्रसन्न किया था। एक अन्य मान्यता के अनुसार मां ने एक कन्या की रक्षा के लिए प्रकट होकर दुष्टों का संहार किया था, तभी से यह स्थान जागृत शक्ति पीठ के रूप में प्रसिद्ध है।

महराजगंज में बच्चों की जिंदगी पर मंडराया खतरे का साया, जानिये क्या है पूरा मामला

मंदिर समिति ने किए व्यापक इंतजाम

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। बैरिकेडिंग के जरिए दर्शन की सुव्यवस्थित लाइन बनाई गई है, जिससे भीड़ नियंत्रित रही।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। जगह-जगह स्वयंसेवक तैनात हैं, जो दर्शनार्थियों को मार्गदर्शन देने में जुटे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग से सहायता व्यवस्था भी की गई है।

महराजगंज: भाजपा नेता बृजेन्द्र श्रीवास्तव पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, कार्यालय में बैठक के बीच मचा बवाल

मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। मां लेहड़ा देवी धाम में उमड़ा यह आस्था का सैलाब पूरे नवरात्र भर जारी रहने की उम्मीद है।

 

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 19 March 2026, 1:00 PM IST