महराजगंज के चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आयी है। शादी से लौट रही बारातियों की पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस हादसे की वजह की जांच में जुट गई है।

हादसे में घायलों का अस्पताल में इलाजरत
Maharajganj: जनपद के चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पड़ी गांव के पास शादी से लौट रही बारातियों की पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में करीब 12 लोग घायल हो गए, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की तत्परता से कई जिंदगियां बच सकीं।
हादसा चौक थाना क्षेत्र के घोड़हवा चौक मार्ग पर पड़ी गांव के पास हुआ है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार शादी समारोह से बारातियों को लेकर लौट रही एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में पिकअप सवार करीब 12 लोग घायल हो गए, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे में घायल अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पड़ी खुर्द निवासी एक युवक की बारात निचलौल थाना क्षेत्र के बैदौली स्थित बुद्धविहार गई थी। विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बाराती पिकअप से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वाहन पड़ी गांव के पास पहुंचा, अचानक पिकअप अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटा। हादसे के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में घायलों की पहचान आर्यन (12), प्रीति (10), सम्राट (8), अनूप (12), अंकुश (8), अनुप्रिया (12), आंशिक (12), शिवकुमार (8) समेत आठ लोगों के रूप में हुई है जिन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। वहीं चार अन्य घायलों को निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। सीएचसी में भर्ती तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी संतोष और विवेक के अनुसार हादसा आबादी के पास होने के कारण लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और बच्चों को पिकअप से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
चौक थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।