हिंदी
आग
नगर पंचायत वजीरगंज क्षेत्र में आंवला रोड पर स्थित प्रसिद्ध देवी मेला स्थल के समीप खाली पड़े गड्ढों में लंबे समय से कूड़ा डाला जा रहा था। देर शाम अचानक तेज़ आंधी के बाद यह कूड़ा आग का गोला बन गया। देखते ही देखते ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और काला धुआं आसमान में फैल गया। जिससे मेले के आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली। तेज झोंकेदार हवा के साथ धूल का बवंडर उठा और खुले गड्ढों में जमा सूखे कचरे, पॉलिथीन, कागज और लकड़ी के टुकड़ों ने चिंगारी पकड़ ली। हवा के थपेड़ों से आग तेजी से फैली और लपटें कई फीट ऊंची उठने लगीं। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए नगर पंचायत कार्यालय और फायर स्टेशन को सूचना दी।
बदायूं : वजीरगंज में आंधी के बाद देवी मेला स्थल के पास कूड़े के ढेर में भीषण आग भड़की, आग से अफरा-तफरी मच गई।@budaunpolice #budaun pic.twitter.com/NySuwT7z7V
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 30, 2026
सूचना मिलते ही नगर पंचायत की आपात टीम पानी के टैंकर लेकर मौके पर पहुंची, पीछे-पीछे फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाँ भी पहुंचीं। संकरी सड़क और धुएं के गुबार के कारण आग बुझाने में शुरुआती दिक्कतें आईं, लेकिन दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार और मिट्टी डालकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना मिलने से बड़ा हादसा टल गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मेला स्थल के पास खाली गड्ढों को लंबे समय से डंपिंग साइट की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। जिससे बदबू और अब आग का खतरा बढ़ा है। लोगों ने नगर पंचायत से कचरा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था और खुले गड्ढों को भरने की मांग दोहराई है।
बदायूं में शिकायत हुई, FIR भी दर्ज… फिर भी नहीं मिला इंसाफ, झांसे में आया किसान; पढ़िये पूरा मामला
नगर पंचायत के एक अधिकारी ने कहा कि घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और भविष्य में खुले में कूड़ा डालने पर रोक व निगरानी कड़ी की जाएगी।
फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और धुएं को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव जारी है। पुलिस ने एहतियातन कुछ देर के लिए आंवला रोड पर यातायात को डायवर्ट किया। जिसे आग बुझने के बाद सामान्य कर दिया गया।
Location : Budaun
Published : 30 March 2026, 11:44 PM IST
Topics : Budaun Budaun News fire incident Wazirganj