अमेठी में बीजेपी मंडल अध्यक्ष रामशंकर जायसवाल पर लाठी-डंडों और हॉकी से जानलेवा हमला किया गया। हमले में उनके साथ अजय तिवारी और राकेश पांडेय भी घायल हुए। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए, पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमला
Amethi: शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया। जब बीजेपी के मंडल अध्यक्ष पर आधा दर्जन अराजक तत्वों ने लाठी-डंडों और हॉकी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मंडल अध्यक्ष समेत तीन लोग घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ माह पहले भी आरोपियों ने थाने के अंदर मंडल अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी दी थी।
जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के मुसाफिरखाना रोड निवासी रामशंकर जायसवाल ने मुंशीगंज पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में बताया कि वह अपने घर पर साथियों के साथ चाय पी रहे थे। तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार पांच-छह लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी हमलावर लाठी-डंडे और हॉकी से लैस थे और आते ही रामशंकर जायसवाल पर हमला बोल दिया। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अमेठी में मतदाता सूची में हेराफेरी का आरोप, सपा नेता ने निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की
घटना के समय उनके साथ अजय तिवारी और राकेश पांडेय भी मौजूद थे। हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और हॉकी और डंडों से मारपीट की। इस हमले में अजय तिवारी और राकेश पांडेय भी घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित रामशंकर जायसवाल ने बताया कि कुछ माह पूर्व उन्हीं लोगों से उनका विवाद हुआ था। विवाद की शिकायत लेकर वह थाने गए थे, जहां भी आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था।
रामशंकर जायसवाल वर्तमान में बीजेपी के मंडल अध्यक्ष हैं, जबकि अजय तिवारी पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। राकेश पांडेय भी मंडल के पदाधिकारी बताए जा रहे हैं। बीजेपी नेताओं पर सरेआम हुए इस हमले से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
BLO विवाद से गरमा उठा अमेठी का सियासी माहौल, बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने, सपा भी बनी हमलावर
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।